महिला प्रभाग मीटिंग एवं ट्रेनिंग,रायपुर – रिपोर्ट

रायपुर के शांति सरोवर परिसर में दिनांक 17 से 19 सितम्बर 2026 को  महिला प्रभाग की विशेष मीटिंग, ट्रैनिंग और कार्यक्रम का आयोजन किया गया | इpस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में महिला प्रभाग की अध्यक्षा ब्र.कु. चक्रधारी दीदी एवं महिला प्रभाग की राष्ट्रीय संयोजिका ब्र.कु. डॉ सविता दीदी उपस्थित रहे |

17 एवं 18 सितम्बर को महिला प्रभाग की विशेष मीटिंग तथा ट्रैनिंग रही जिसमें भारत के अलग-अलग प्रांतों से – राजस्थान, हरियाणा, ओडिशा, आंध्रप्रदेश, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली से 115 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

महिला प्रभाग की मीटिंग में महिला सशक्तिकरण, महिला प्रभाग की सेवाओं के विस्तार, सदस्यता बढ़ाने, सेवा केन्द्रों को सक्रिय बनाने तथा वर्तमान समय की सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप नई सेवाओं की दिशा में विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। मीटिंग का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, आर्थिक, नैतिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।

इस मीटिंग में महिला प्रभाग की अध्यक्षा ब्र.कु. चक्रधारी दीदी एवं महिला प्रभाग की राष्ट्रीय संयोजिका ब्र.कु. डॉ. सविता दीदी ने अब तक की सेवाओं के बारे में जानकारी दी और भविष्य में किये जाने वाले कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई, जिनमें निम्नलिखित बातें उभरकर आई

1. मीटिंग में यह महत्वपूर्ण विचार रखा गया कि शिक्षा, रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता बाहरी सशक्तिकरण के महत्वपूर्ण पक्ष हैं, लेकिन इनके साथ आंतरिक सशक्तिकरण भी आवश्यक है। केवल बाहरी उपलब्धियां पर्याप्त नहीं हैं; व्यक्ति में नैतिक मूल्य, अच्छे संस्कार, गुण, आत्म-सम्मान और आध्यात्मिक शक्ति का विकास भी होना चाहिए। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों तथा अपने जीवन से जुड़े निर्णय स्वयं लेने के प्रति जागरूक होना आवश्यक है।

2. महिला प्रभाग की सदस्यता को केवल औपचारिकता न मानकर महिलाओं की सेवा को मजबूत करने का माध्यम बताया गया। विशेष रूप से प्रत्येक सेवा केन्द्र और सब-सेन्टर की बहनों को महिला प्रभाग की सदस्यता से जोड़ने पर जोर दिया गया।

3. महिला प्रभाग की सेवाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए सुझाव दिया गया कि प्रत्येक जोन, सब-जोन अथवा सेंटरों के समूह में एक बहन को महिला प्रभाग की सेवाओं के लिए विशेष रूप से निमित्त बनाया जाए।

उस बहन में सेवा के प्रति उमंग-उत्साह हो तथा वह अपने क्षेत्र में महिला प्रभाग के कार्यक्रमों और अभियानों को आगे बढ़ाए। इससे ऐसी बहनों को भी अपनी विशेषताओं को प्रकट करने और सेवा में सक्रिय होने का अवसर मिलेगा, जिन्हें सामान्य परिस्थितियों में पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता।

4. मीटिंग में यह सुझाव दिया गया कि केवल बड़े कार्यक्रमों पर निर्भर न रहकर छोटे-छोटे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएं। सास-बहू कार्यक्रम, माताओं के कार्यक्रम, बहुओं के कार्यक्रम, परिवार कार्यक्रम, कुमारियों के कार्यक्रम तथा विभिन्न अवसरों पर स्थानीय कार्यक्रम आयोजित करने से संपर्क बढ़ाया जा सकता है।

मदर्स डे, फैमिली डे, डॉटर्स डे, इंटरनेशनल वुमेन्स डे आदि अवसरों को भी समाज से जुड़ने और महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना बढ़ाने के अवसर के रूप में उपयोग करने की बात कही गई।

5. जहां किसी बड़े कार्यक्रम के लिए उपयुक्त वक्ता उपलब्ध न हो, वहां महिला प्रभाग की ओर से वक्ताओं की सहायता उपलब्ध कराने का भी सुझाव दिया गया।

साथ ही सभी सेवाओं की फोटो, समाचार और विवरण व्यवस्थित रूप से संकलित कर संबंधित स्थानों तक भेजने की आवश्यकता बताई गई, ताकि सेवा कार्यों का उचित रिकॉर्ड तैयार हो सके और आवश्यकता पड़ने पर उसे प्रस्तुत किया जा सके।

6. “वन्दे मातरम् – स्वर्णिम भारत” अभियान

महिला प्रभाग द्वारा चलाए जा रहे “वन्दे मातरम् – स्वर्णिम भारत” अभियान पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि 8 मार्च, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इस विषय को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं और सभी केन्द्रों में इस अभियान को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

जिन केन्द्रों को विषय-वस्तु, वक्ता या कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में कठिनाई हो, वे महिला प्रभाग से मार्गदर्शन ले सकते हैं। स्थानीय स्तर पर काउंसलर, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता अथवा अन्य उपयुक्त व्यक्तियों को आमंत्रित कर कार्यक्रम को व्यापक बनाया जा सकता है। कार्यक्रमों की अच्छी फोटो एवं समाचार भेजने पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रत्येक तीन महीने में प्रकाशित होने वाले “नारी शक्ति” न्यूज़लेटर के बारे में बताया गया

7. महिलाओं एवं महिला प्रभाग से जुड़ी बहनों के लिए तैयार की गई “महिला बने महान” पुस्तक का उल्लेख करते हुए बताया गया कि इसमें विभिन्न विषयों पर तैयार सामग्री और लेक्चर के लिए उपयोगी बिंदु उपलब्ध हैं। बहनों को आवश्यकता के अनुसार इन विषयों का अध्ययन, मनन और विस्तार करके अपनी सेवाओं में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

8. 18 सितम्बर शाम ट्रेनिंग में महिला आध्यात्मिक सशक्तिकरण की वर्तमान  समय आवश्यकता विषय पर ब्र.कु. डॉ. सविता एवं ब्र.कु. माला बहन ने मार्ग दर्शन दिया |

     दूसरे सत्र में आदरणीय चक्रधारी दीदी ने सेवा करते समय किन बिन्दुओं पर ध्यान देना है उससे अवगत कराया, सामने वाले की स्थिति को समझना, उसके प्रति शुभ भावना रखते हुए सहयोग देना, परिवारों में माँ का प्रभाव बच्चों, परिवार और आगे समाज पर पड़ता है | अत: माँ स्वयं की भूमिका को पहचाने |         

     20 सितम्बर को रायपुर के शांति सरोवर में विश्व नव निर्माण में महिलाओं की भूमिका विषय पर महिला कार्यक्रम रखा गया जिसमें लगभग 400 महिलाओं ने भाग लिया | कार्यक्रम में मुख्य रूप से महिला प्रभाग की अध्यक्षा ब्र.कु. चक्रधारी दीदी, महिला प्रभाग की राष्ट्रीय संयोजिका ब्र.कु. डॉ. सविता दीदी, रायपुर सेवाकेंद्र की संचालिका ब्र.कु. सविता दीदी, राज्यसभा सांसद बहन लक्ष्मी वर्मा,,  बी.जी.पी की प्रदेश प्रवक्ता बहन शताब्दी पांडे, बाल आयोग संरक्षण आयोग की अध्यक्ष  बहन डॉ. वर्णिका शर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष बहन किरणमयी नायक एवं  शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, रायपुर की प्रोफेसर बहन सुनीता सिंह उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *